मिशन शक्ति के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश,छात्राओं को बताए आत्मरक्षा के
मिशन शक्ति के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश,छात्राओं को बताए आत्मरक्षा के गुर सुलतानपुर।कूरेभार स्थित स्पेक्ट्रम ग्रुप संस्थान में अद्वैत फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित मिशन शक्ति एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता महाअभियान में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा,आत्मरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कूरेभार थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव ने छात्राओं को सुरक्षा के व्यावहारिक टिप्स दिए और साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया।सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध है।उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्य,महिला अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी भी दी।साइबर सुरक्षा सत्र में पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से आगाह करते हुए विद्यार्थियों से ओटीपी,पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की अपील की। साथ ही संदिग्ध लिंक से बचने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी।साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने को कहा। पुलिस टीम ने 112,1090,1076,102 और 108 सहित विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता भी बताई।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े सवाल पूछे,जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया।इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधक आनंद सावर्ण,एचआर मैनेजर अनूप मिश्र,ऑपरेशनल मैनेजर ज्योति शर्मा सहित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।