अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करें, जनसुनवाई और पुलिस व्यवस्था को बनाएं प्रभावी

अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करें, जनसुनवाई और पुलिस व्यवस्था को बनाएं प्रभावी : एसपी गाजीपुर में अपराध समीक्षा बैठक और सैनिक सम्मेलन आयोजित, पुलिसकर्मियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश गाजीपुर, 11 अक्टूबर 2026।पुलिस अधीक्षक गाजीपुर विनय कुमार सिंह ने रविवार को जनपद के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों तथा समस्त थाना प्रभारियों एवं थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद में अपराध की स्थिति, अपराधियों की गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान महिला संबंधी अपराधों पर विशेष ध्यान देने के साथ ही टॉप-10 अपराधियों, गुंडों, माफियाओं और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्रों में होने वाले विभिन्न अपराधों की प्रकृति और अपराधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही लंबित मामलों के निस्तारण तथा पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार पर विशेष जोर दिया गया।बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे लगवाने, उन्हें संबंधित व्यवस्था से लिंक करने तथा कंट्रोल रूम स्थापित करने की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही पुलिस बीट प्रणाली को सुदृढ़ बनाने, पुलिस पेंशनरों की बैठक आयोजित करने तथा जनसुनवाई के प्रार्थना पत्रों और आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ऑपरेशन दृष्टि एवं ऑपरेशन त्रिनेत्र सहित अन्य पुलिस अभियानों की भी समीक्षा की गई।अपराध समीक्षा बैठक के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया। इसमें जनपद के विभिन्न थानों एवं पुलिस शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा विभागीय कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ संपादित करने पर जोर दिया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जनपद के समस्त सर्किल के क्षेत्राधिकारी, समस्त प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।