देवरिया में प्रदूषण नियंत्रण की नई पहल, एंटी-स्मॉग गन से मुख्य सड़कों पर होगा छिड़काव
देवरिया में प्रदूषण नियंत्रण की नई पहल, एंटी-स्मॉग गन से मुख्य सड़कों पर हुआ पानी का छिड़काव देवरिया। शहर में बढ़ते धूल प्रदूषण और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद देवरिया ने बुधवार को एंटी-स्मॉग गन का प्रयोग करते हुए मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव कराया। विशेष वाहन के माध्यम से सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में बारीक पानी की फुहार छोड़ी गई, जिससे वातावरण में उड़ने वाले धूलकणों को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। नगर पालिका अधिकारियों के मुताबिक एंटी-स्मॉग गन हवा में मौजूद सूक्ष्म धूल कणों (पीएम 2.5 एवं पीएम 10) को नीचे बैठाने में सहायक होती है। इसके प्रयोग से धूल प्रदूषण कम होता है तथा राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ वातावरण का लाभ मिलता है। शहर के प्रमुख मार्गों पर चलाए गए इस अभियान को नगर पालिका की ओर से प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बढ़ते शहरीकरण और यातायात के कारण उत्पन्न धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में उड़ने वाली धूल से राहत दिलाने में यह व्यवस्था कारगर साबित हो सकती है। नागरिकों ने मांग की कि एंटी-स्मॉग गन के माध्यम से पानी का छिड़काव नियमित रूप से कराया जाए, ताकि शहर की वायु गुणवत्ता बेहतर बनी रहे और लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।