कोन व्यापार मंडल की मासिक बैठक संपन्नः

कोन व्यापार मंडल की मासिक बैठक संपन्नः व्यापारियों के हितों और समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा कोन सोनभद्र।कोन उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक 31 दिसंबर, बुधवार को स्थानीय बाजार में संपन्न हुई। इसमें व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया, जिससे व्यापारिक एकता और संगठन की सक्रियता का स्पष्ट संदेश मिला। बैठक की अध्यक्षता उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय शंकर जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के समक्ष उन्हें मजबूती से रखकर ठोस समाधान कराना है। उन्होंने सभी व्यापारियों से एकजुट रहने और संगठन के निर्णयों का पालन करने का आह्वान किया। संरक्षक लक्ष्मी जायसवाल और सुशील जायसवाल ने व्यापारिक अनुशासन, आपसी सहयोग और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। महामंत्री जयदीप गुप्ता ने पिछले माह की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया और बताया कि व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जल्द ही संबंधित विभागों से संवाद किया जाएगा। उन्होंने आगामी महीनों की कार्ययोजना पर भी प्रकाश डाला। बैठक के दौरान बाजार की व्यवस्थाएं, सुरक्षा, स्वच्छता, स्थानीय समस्याओं सहित व्यापारिक हित से संबंधित कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। कोषाध्यक्ष आनंद जायसवाल ने संगठन की आर्थिक स्थिति की जानकारी देते हुए आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में व्यापारी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा व्यापारियों के हित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। बैठक का समापन सभी उपस्थित व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।