Bansgaon Sandesh
Login
B
Gorakhpur८ दिन पहले

फर्जी इंस्पेक्टर बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, वर्दी-बैज और कार बरामद

फर्जी इंस्पेक्टर बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, वर्दी-बैज और कार बरामद

फर्जी इंस्पेक्टर बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, वर्दी-बैज और कार बरामद गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का निरीक्षक बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर रौब जमाता था और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर क्षेत्र में सक्रिय है और लोगों को भ्रमित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री दिनेश कुमार पुरी (पीपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी खजनी कमलेश कुमार सिंह (पीपीएस) के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बैजनाथ बिंद, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल राजू यादव और कांस्टेबल संदीप कुमार की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 10 फरवरी 2026 को कस्बा सिकरीगंज में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिग्विजय नाथ (55 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय रामलाल, निवासी ग्राम लखवापाकड़, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस की इंस्पेक्टर रैंक की वर्दी, नेम प्लेट, बैज, पी-कैप, फर्जी पुलिस पहचान पत्र तथा एक कार बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि आरोपी इन सामानों का उपयोग लोगों को विश्वास में लेने और ठगी को अंजाम देने के लिए करता था। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धन उगाही करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है और उसके नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आने से पहले उसकी पहचान की पुष्टि अवश्य करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सिकरीगंज पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सराहना मिल रही है और इसे अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

200 likes
0 comments0 shares