बंधक सामान लौटाने और रकम हड़पने का आरोप, थाने में दी तहरीर।

बंधक सामान लौटाने और रकम हड़पने का आरोप, थाने में दी तहरीर। मदरिया / सर्वेश दुबे/ बांसगांव संदेश ------------------ पत्नी ने क्षेत्राधिकारी को तहरीर देकर धमकी देने का भी लगाया आरोप, सीओ ने जांच के दिए आदेश..... गोला नगर पंचायत के वार्ड नंबर-17 निवासी एक व्यक्ति ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य के बंधक रखे सामान को वापस नहीं करने और रकम का भुगतान हड़पने का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकार गोला को तहरीर दी है। पीड़ित ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं उसकी पत्नी ने आरोपी पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी गोला को भी तहरीर दी है। वार्ड नंबर-17 निवासी सुरेंद्र जायसवाल पुत्र स्व. महेश चंद्र जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आवश्यकता के चलते उन्होंने वार्ड नंबर-7 निवासी पवन वर्मा पुत्र स्व. शिवपूजन वर्मा के पास करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सामान बंधक/सुरक्षा के रूप में रखा था। आरोप है कि सामान के संबंध में धनराशि प्राप्त होने के बावजूद उसे वापस नहीं किया जा रहा है। तहरीर में सुरेंद्र ने बताया है कि विपक्षी के साथ काम करने वाले कर्मचारी प्रहलाद उर्फ चैतू के खाते में धनराशि भेजने के साथ ही चेक के माध्यम से भी भुगतान किया गया। भुगतान से संबंधित बैंक रिकॉर्ड, चेक और अन्य दस्तावेज उसके पास उपलब्ध होने की बात कही गई है। इसके अलावा 1.55 लाख रुपये नकद देने का भी दावा किया गया है। आरोप है कि भुगतान प्राप्त करने के बाद भी विपक्षी सामान वापस करने से इनकार कर रहा है और रकम प्राप्त करने की बात से भी इनकार कर रहा है। सामान और धनराशि वापस मांगने पर दबंगई दिखाते हुए गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इससे शिकायतकर्ता ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। वहीं सुरेंद्र जायसवाल की पत्नी वीणा ने क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार को तहरीर देकर आरोपी पर धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार ने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए बोल दिया गया है।