चौरीचौरा में महिला की लोढ़े से कूचकर हत्या, इलाके में सनसनी चौरीचौरा,

चौरीचौरा में महिला की लोढ़े से कूचकर हत्या, इलाके में सनसनी चौरीचौरा, गोरखपुर बांसगांव संदेश गोरखपुर जनपद के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मिर्जवा सरदार गांव में शनिवार सुबह एक महिला की लोढ़े से कूचकर हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान स्नेहलता (32) पत्नी साधु सरन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साधु सरन बाराबंकी स्थित आईटीआई संस्थान में शिक्षक हैं। शनिवार को दिन में करीब 11 बजे स्नेहलता घर में खून से लथपथ हालत में मिलीं। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार महिला के सिर पर दो स्थानों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल से खून से सना लोढ़ा बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। एसपी नार्थ ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।