बहरिया में छात्रा की मौत पर सड़क जाम, मुआवजे की मांग को

बहरिया में छात्रा की मौत पर सड़क जाम, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन प्रयागराज। बहरिया क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने छात्रा का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। बताया जा रहा है कि इंटरमीडिएट की छात्रा वैष्णवी मौर्या परीक्षा केंद्र देखकर घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई और प्रशासन से मुआवजे व कार्रवाई की मांग की गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। विवेक यादव (एसीपी फूलपुर) घटनास्थल पर मौजूद हैं और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक जाम जारी है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन द्वारा परिजनों को उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।