*गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, नेपाल जा रहे चार युवक गंभीर

*गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, नेपाल जा रहे चार युवक गंभीर घायल* गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के भूमिधर अंडरपास के पास गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिकरीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) उरुवा भिजवाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, लखनऊ के आशियाना निवासी अक्षयन सिंह यादव (26), सक्षम तिवारी (25), विराज गुप्ता (18) तथा आलमबाग निवासी कृष्णा श्रीवास्तव (20) काले रंग की क्रेटा कार से नेपाल घूमने जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब 6 बजे उनकी कार सिकरीगंज क्षेत्र के भूमिधर अंडरपास के पास पहुंची ही थी कि किसी अज्ञात वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का एयरबैग खुलने के बावजूद फट गया और वाहन कई बार पलटते हुए सड़क पर उलट गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का दृश्य बेहद भयावह था और कार के परखच्चे उड़ गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से सड़क किनारे कराया गया, जिससे यातायात सुचारु हो सका। थाना प्रभारी निरीक्षक सिकरीगंज अंजुल कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।