बेलघाट में डंपरों के खिलाफ आक्रोश, आंदोलन से पहले धारा 144 लागू
बेलघाट में डंपरों के खिलाफ आक्रोश, आंदोलन से पहले धारा 144 लागू बेलघाट (गोरखपुर)। बेलघाट थाना क्षेत्र के बहादुरपुर लिंक एक्सप्रेसवे अंडरपास के नीचे 16 मार्च की सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों द्वारा आंदोलन की तैयारी की गई थी। आंदोलन का मुख्य उद्देश्य सरजू तट के किनारे हो रहे खनन और तेज रफ्तार से चल रहे डंपरों के खिलाफ विरोध दर्ज कराना था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन कार्य में लगे डंपर चालक अनियंत्रित गति से वाहन चला रहे हैं, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार बीते महज 15 दिनों के भीतर कई लोगों की डंपरों की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो चुकी है। इन हादसों ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है—कहीं मां ने अपना बेटा खो दिया, तो कहीं किसी ने अपने भाई को खो दिया, वहीं कई महिलाओं ने अपने पति को खो दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराने और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए आंदोलन की तैयारी की थी। हालांकि इसकी जानकारी मिलते ही बेलघाट पुलिस और जिला प्रशासन ने एहतियातन आंदोलन स्थल और आसपास के क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने बेलघाट थाने और बहादुरपुर अंडरपास पर पहुंचकर थाना प्रभारी विकास नाथ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अवैध खनन पर रोक लगाने, तेज रफ्तार डंपरों पर नियंत्रण करने और लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। थाना अध्यक्ष बेलघाट ने लोगों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और अवैध खनन तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले डंपर चालकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के अनुसार फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार का विवाद या तनाव उत्पन्न न हो सके।