*सेवा सेतु अभियान में उमड़ी भीड़, पीएम स्वनिधि के लिए 145 लोगों
*सेवा सेतु अभियान में उमड़ी भीड़, पीएम स्वनिधि के लिए 145 लोगों ने ली जानकारी* *100 ने पहले ऋण, 10 ने दूसरे और 35 लोगों ने तीसरे ऋण के लिए किया आवेदन* *प्रधानमंत्री आवास योजना के स्टाल पर भी पहुंचे लोग, प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया निरीक्षण* गोरखपुर। नगर निगम की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत रानी लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित पांच दिवसीय सेवा सेतु अभियान में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभियान में जिला नगरीय विकास अभिकरण की ओर से लगाए गए स्टाल पर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को लेकर लोगों की भीड़ जुट रही है। बड़ी संख्या में लोगों ने योजनाओं की जानकारी लेने के साथ आवेदन और अपने आवेदनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के स्टाल पर करीब 145 लोगों ने योजना के बारे में जानकारी ली। इनमें लगभग 100 लोगों ने पहले ऋण के लिए आवेदन किया, जबकि 10 लोगों ने दूसरे ऋण और 35 लोगों ने तीसरे ऋण के लिए आवेदन कराया। खास बात यह रही कि अभियान स्थल पर ही करीब पांच लाभार्थियों को पहले ऋण का वितरण भी किया गया। इससे लाभार्थियों को आवेदन से लेकर ऋण प्राप्त करने तक की प्रक्रिया के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के स्टाल पर भी लोगों की अच्छी संख्या रही। करीब 112 लोगों ने योजना की जानकारी प्राप्त की। लगभग 40 लोग अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए पहुंचे। वहीं 22 लोगों ने पहले किस्त मिलने की संभावित स्थिति के बारे में जानकारी ली, जबकि करीब 35 लोगों ने दूसरी किस्त कब तक प्राप्त होगी, इसकी जानकारी हासिल की। स्टाल पर मौजूद कर्मचारियों ने लाभार्थियों को उनके आवेदन और पात्रता से संबंधित वास्तविक स्थिति की जानकारी देकर संतुष्ट किया। सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य नगर निगम और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाओं को लोगों तक एक ही स्थान पर पहुंचाना है। अभियान के दौरान अलग-अलग विभागों और योजनाओं के स्टाल लगाए गए हैं, जहां लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लंबित आवेदनों की स्थिति के बारे में जानकारी दी जा रही है। इससे लोगों को संबंधित कार्यालयों में बार-बार जाने की परेशानी से भी राहत मिल रही है। अभियान के दौरान प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जिला नगरीय विकास अभिकरण के स्टाल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पहुंच रहे लाभार्थियों से योजनाओं के संबंध में जानकारी ली और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान अन्य गणमान्य लोगों और उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, सेवा सेतु अभियान के दौरान पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही आवश्यक जानकारी और आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अभियान के शेष दिनों में भी अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।