साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को किया

साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक गगहा गोरखपुर बांसगांव संदेश।टी आर सी मेमोरियल पब्लिक स्कूल शिवराजपुर मनवें गगहा में शनिवार को साइबर अपराध से बचाव और मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गगहा पुलिस ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने, आनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में साइबर क्राइम से संबंधित एस एस आई राजन शाह,विजय शंकर यादव और मिशन शक्ति से संबंधित महिला कांस्टेबल जया सिंह सपना मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने आनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्कता को साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय बताया। मिशन शक्ति के तहत विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों,आत्मरक्षा और महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी या सुरक्षा संबंधी समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। प्रबंधक रणविजय चंद (गुड्डू) प्रधानाचार्य आर एन उपाध्याय सहित विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के हित में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।