Bansgaon Sandesh
Login
Devendra Pathak, Bhaluani - Deoria
Deoriaलगभग १ घंटा पहले

दूसरे के नाम पर 10 करोड़ रुपये का फर्ज़ी लोन: कम्पनी बनाकर धोखाधड़ी, जाँच के आदेश

भलुअनी।बांसगांव संदेश। देवरिया जिले के बरहज क्षेत्र में एक युवक के नाम पर 10 करोड़ रुपये का फर्जी लोन लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित देवेश मिश्रा ने इस संबंध में शिकायत कर गहन जांच की मांग की है। बड़कागांव निवासी देवेश मिश्रा ने डीएम मधुसूदन हुल्गी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके नाम से 'डीएम इंटरप्राइजेज' नामक एक फर्जी कंपनी बनाकर यह लोन लिया गया है। देवेश का कहना है कि उन्होंने न तो कभी जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया और न ही कोई कंपनी शुरू की थी। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब बरहज तहसील के लेखपाल ने सहायक सूचना आयुक्त, देवरिया के निर्देश पर देवेश की चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा मांगा। इस नोटिस के मिलने पर ही देवेश को अपने नाम पर करोड़ों के फर्जी लोन की जानकारी हुई। देवेश की शिकायत के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इस बड़े लोन को पास करने में बैंक और जीएसटी विभाग की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। आशंका है कि बैंक द्वारा केवाईसी और दस्तावेजों की जांच में लापरवाही बरती गई। साथ ही, जीएसटी रजिस्ट्रेशन के समय भौतिक सत्यापन कैसे हुआ, यह भी जांच का विषय है। पीड़ित देवेश मिश्रा ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद से वह इस मामले को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से न्याय की अपेक्षा कर रहे हैं। थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच प्रक्रिया जारी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

0 likes
0 comments0 shares