सहजनवा बीआरसी पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का 3 दिन का प्रशिक्षण हुआ सहजनवा

सहजनवा बीआरसी पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का 3 दिन का प्रशिक्षण हुआ सहजनवा गोरखपुर के सहजनवां बीआरसी में बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्रों की 43 कार्यकत्रियों के लिए तीन दिन का प्रशिक्षण हुआ। यह कार्यक्रम जिला परियोजना कार्यालय गोरखपुर की तरफ से रखा गया था। इसमें कार्यकत्रियों को समावेशी शिक्षा और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शुरुआती पहचान के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण में दिव्यांगता के अलग-अलग प्रकार, बच्चों में दिखने वाले शुरुआती लक्षण, मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा के अधिकार अधिनियम पर बात हुई। कार्यकत्रियों को समझाया गया कि अगर किसी बच्चे में कोई खास जरूरत या विकास संबंधी लक्षण दिखें, तो समय पर उसकी पहचान कर विशेषज्ञों को बताना जरूरी है। इससे बच्चे को सही समय पर मदद मिल सकेगी। स्पेशल एजुकेटर अनूप कुमार पाठक और माधव प्रसाद ने यह प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कार्यकत्रियों को बच्चों की जरूरतों को समझने और उन्हें मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के तरीके सिखाए। कार्यक्रम के आखिर में खंड शिक्षा अधिकारी यज्ञ नारायण वर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को अहम बताया। सभी 43 कार्यकत्रियों को प्रमाण-पत्र भी दिए गए।