बी-पैक्स पुरैनी धान क्रय केंद्र बंद, किसानों में भारी आक्रोश भीरपुर क्षेत्र

बी-पैक्स पुरैनी धान क्रय केंद्र बंद, किसानों में भारी आक्रोश भीरपुर क्षेत्र के बी-पैक्स पुरैनी साधन सहकारी समिति, करछना स्थित धान क्रय केंद्र बंद होने से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। विपणन वर्ष खरीफ 2025-26 के तहत सरकार द्वारा धान की खरीद 1 नवंबर से 28 फरवरी तक किए जाने का प्रावधान है, लेकिन इस वर्ष 2 फरवरी से ही केंद्र पर खरीद अचानक बंद कर दी गई, जिससे किसानों में हड़कंप मच गया। किसानों का आरोप है कि वे टोकन लेकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन जब केंद्र पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। केंद्र प्रभारी से पूछताछ करने पर बताया गया कि जिले को आवंटित धान खरीद का लक्ष्य पूरा हो चुका है, इसलिए अब खरीद नहीं की जाएगी। इससे टोकनधारी किसान खासे परेशान हैं। कई किसानों ने बताया कि उन्होंने पहले ही अपना धान तौल के लिए लाया था, लेकिन सर्वर खराब होने या फिंगरप्रिंट न लगने जैसी तकनीकी समस्याओं के कारण उसी दिन खरीद नहीं हो सकी। अब उनका धान केंद्र पर रखा हुआ है, लेकिन खरीद बंद होने से उन्हें भारी नुकसान का डर सता रहा है। इसी तरह भीरपुर क्षेत्र में मार्केटिंग विभाग के अंतर्गत संचालित धान क्रय केंद्र भी बीते 3 फरवरी से बंद पड़े हैं। नेफेड, पीसीयू और यूपीएसएस के केंद्र पहले ही बंद हो चुके हैं, जिससे किसानों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जिन किसानों की धान खरीद अभी शेष है, उनके लिए एक निश्चित अवधि तक सभी केंद्र पुनः खोलकर खरीद सुनिश्चित कराई जाए। किसानों का कहना है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो उन्हें मजबूरी में धान औने-पौने दामों पर बाजार में बेचना पड़ेगा, जिससे वे कर्ज में डूब सकते हैं।