रेलवे ट्रैक पर पिता-पुत्र के शव मिलने से सनसनी

रेलवे ट्रैक पर पिता-पुत्र के शव मिलने से सनसनी, तीन महीने पहले बड़े बेटे की भी हुई थी मौत देवरिया जिले के गौरीबाजार क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पिता और पुत्र के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान उद्योग नगर वार्ड नंबर-2 निवासी 60 वर्षीय श्रवण जायसवाल और उनके 28 वर्षीय पुत्र राकेश जायसवाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम दोनों बाइक से कपड़ों की खरीदारी के लिए गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे उन्होंने घर पर फोन कर बताया था कि वे वापस लौट रहे हैं।लेकिन इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए। देर रात रेलवे ट्रैक पर उनके शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला रेल हादसे का है।या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। इस घटना ने जायसवाल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार ने तीन महीने पहले ही बड़े बेटे श्वेतांक उर्फ रवि जायसवाल को सड़क दुर्घटना में खोया था। लगातार दूसरी बड़ी त्रासदी के बाद परिवार में अब केवल श्रवण जायसवाल की वृद्ध मां गुड़ी देवी और बेटी पूजा बची हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।