बांसगांव संदेश बरहज सेवा संकल्प अभियान के दूसरे दिन सीडीओ ने वृद्धाश्रम

बांसगांव संदेश बरहज सेवा संकल्प अभियान के दूसरे दिन सीडीओ ने वृद्धाश्रम का किया औचक निरीक्षण देवरिया, 18 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के दूसरे दिन मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह द्वारा वृद्धाश्रम मेहड़ा पुरवा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं, स्वास्थ्य एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धजनों से उनके दैनिक जीवन, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा आश्रम में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखी जाए। वृद्धजनों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने आश्रम की रसोई का भी अवलोकन किया तथा वहां तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार भोजन तैयार कर वृद्धजनों को उपलब्ध कराया जाए। भोजन पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, रसोई एवं खाद्य सामग्री के रख-रखाव में भी स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि वृद्धजनों की देखभाल और उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। आश्रम में रहने वाले सभी वृद्धजनों को समय से भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा वृद्धजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिशचंद्रनाथ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी गण आदि मौजूद रहे।