पीडीए पंचायत में सपा की सरकार बनाने का संकल्प, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

मौदहा, हमीरपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पीडीए एकता को मजबूत करने और समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर के हुसैनगंज स्थित सपा कार्यालय में पीडीए चौपाल का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं हमीरपुर लोकसभा प्रभारी राज बहादुर पाल ने की। चौपाल में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सभी वर्गों को संगठन से जोड़ना जरूरी है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प लिया। बैठक में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फरीद अहमद उर्फ बबलू भाई, पूर्व जिला महासचिव कमरुद्दीन प्रधान, आसिफ कुरैशी, अरशद मामा, कल्लू शिवहरे, जाहिद मसूद, मन्नू सहित दर्जनों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।