Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Kant Singh Hamirpur
Hamirpur२६ दिन पहले

रोमांचक फाइनल में सिकरौधा ने उरई को एक विकेट से हराकर जीता टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट

रोमांचक फाइनल में सिकरौधा ने उरई को एक विकेट से हराकर जीता टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट

राठ (हमीरपुर)। राठ क्षेत्र के बहर गांव में आयोजित अंकित हीरो मोटर्स स्वर्गीय श्री कालीचरन टी-10 लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को बेहद रोमांचक माहौल में खेला गया। फाइनल मैच में सिकरौधा की टीम ने उरई को एक विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टूर्नामेंट का समापन मुख्य अतिथि डॉ. उमाकांत सिंह द्वारा किया गया। फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर सिकरौधा टीम के कप्तान सचिन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी उरई की टीम निर्धारित ओवरों में संघर्ष करती नजर आई और 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 122 रन ही बना सकी। उरई की ओर से अंकुर ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 50 रन बनाए, जबकि अवतार ने एक ही ओवर में लगातार चार छक्के जड़कर दर्शकों को खूब रोमांचित किया। सिकरौधा की ओर से गेंदबाज श्रीराम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिकरौधा टीम ने आक्रामक और संतुलित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। आखिरी ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में सिकरौधा ने 123 रन बनाकर एक विकेट से जीत दर्ज की और खिताब पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि एवं बीएनवी कॉलेज राठ के प्रबंधक डॉ. उमाकांत सिंह ने विजेता टीम सिकरौधा को ट्रॉफी प्रदान कर बधाई दी, वहीं उपविजेता उरई टीम के खिलाड़ियों की भी सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मैच में अंपायर की भूमिका शिवम गिरि और प्रीतम ने निभाई, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी आयुष ने संभाली। मैच की रोमांचक कमेंट्री धीरू और दीपक ने की। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और ग्रामीण दर्शक मौजूद रहे।

1900 likes
0 comments0 shares