रूसी हमले के बाद यूक्रेन में देवरिया का युवक लापता, परिजनों का

रूसी हमले के बाद यूक्रेन में देवरिया का युवक लापता, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बांसगांव संदेश रुद्रपुर देवरिया। देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव निवासी अभिषेक निषाद यूक्रेन में जहाज (शिप) पर कार्यरत थे। 19 जुलाई को रूस द्वारा किए गए हमले के बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो सका है। कंपनी की ओर से केवल एक संदेश मिलने के बाद से परिवार गहरे सदमे में है और बेटे की सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठा है। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद कंपनी ने केवल इतना बताया कि हमला हुआ है, लेकिन अभिषेक की वर्तमान स्थिति, उनका ठिकाना या उन्हें किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है या नहीं, इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। अभिषेक हाल ही में नौकरी के सिलसिले में विदेश गए थे। उनके लापता होने की सूचना मिलते ही घर में मातम का माहौल है। गांव के लोग लगातार परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। परिवार ने भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि अभिषेक का जल्द से जल्द पता लगाकर उनकी स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें सुरक्षित स्वदेश वापस लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। फिलहाल अभिषेक निषाद के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिवार उनकी कुशलता की प्रार्थना कर रहा है और किसी सकारात्मक सूचना का इंतजार कर रहा है।