Bansgaon Sandesh
Login
V
Gazipur३३ मिनट पहले

जवाहर नवोदय विद्यालय में डीएम का आकस्मिक निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर

जवाहर नवोदय विद्यालय में डीएम का आकस्मिक निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर

जवाहर नवोदय विद्यालय में डीएम का आकस्मिक निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर जानी समस्याएं कक्षा में पहुंचकर डीएम ने गणित का सवाल हल कराया, छात्राओं के साथ भोजन कर परखी गुणवत्ता गाजीपुर, 03 सितंबर 2026। जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, गाजीपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, प्रयोगशालाओं और भोजनालय का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षा 12 में पहुंचे, जहां अध्यापक द्वारा गणित पढ़ाया जा रहा था। उन्होंने विद्यार्थियों की विषय पर पकड़ और समझ को परखने के लिए ब्लैक बोर्ड पर गणित का प्रश्न हल कराया। विद्यार्थियों द्वारा प्रश्न हल किए जाने पर उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि सभी विद्यार्थी पूरी लगन और मेहनत के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखें। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। ऐसा कार्य करें जिससे अपने परिवार के साथ-साथ जनपद और देश का नाम भी गौरवान्वित हो।जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को सहजता से विद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने के लिए विद्यालय परिसर में शिकायत एवं सुझाव बॉक्स लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी बात रखने के लिए उचित माध्यम उपलब्ध होना चाहिए, ताकि उनकी समस्याओं का समय से समाधान किया जा सके।इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को संत रविदास जी के जीवन, विचारों और उनके कृतित्व के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संत रविदास जी के जीवन और विचारों का अध्ययन करने तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया जिलाधिकारी ने रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्थापित एटीएल प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए प्रयोगात्मक एवं तकनीकी शिक्षा को उपयोगी बताते हुए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।इसके बाद जिलाधिकारी ने बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की। जिलाधिकारी ने छात्राओं से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।जिलाधिकारी ने छात्राओं से छात्रावास में किसी प्रकार की परेशानी अथवा असुविधा के बारे में भी जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि उन्हें छात्रावास में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है। निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी ने बालिका भोजनालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भोजनालय में आवश्यकतानुसार एसी लगाने के लिए भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के साथ लाइन में लगकर स्वयं भोजन लिया और छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। उनके इस सहज व्यवहार से विद्यार्थी भी काफी उत्साहित नजर आए। भोजन के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई के लिए यदि किसी अतिरिक्त सामग्री अथवा सुविधा की आवश्यकता हो तो वे विद्यालय प्रशासन के माध्यम से अपनी मांग से अवगत कराएं। जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन कर उसकी गुणवत्ता भी परखी और विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, आवश्यक सुविधाएं तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, समस्त अध्यापक, विद्यालय स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments1 shares