देवरिया को मुख्यमंत्री योगी की बड़ी सौगात: 655 करोड़ की 19 विकास

देवरिया को मुख्यमंत्री योगी की बड़ी सौगात: 655 करोड़ की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास देवरिया । बांसगांव सन्देश । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को देवरिया जनपद को 655.45 करोड़ रुपये की 19 बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 8 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 11 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें देवरिया-कसया फोरलेन मार्ग और देवरिया-हाटा मार्ग चौड़ीकरण जैसी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और रोजगार को नई दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पूर्वांचल के विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि देवरिया-कसया फोरलेन को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। साथ ही गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित 6 लेन एक्सप्रेसवे से भी देवरिया को जोड़ने की योजना है, जिससे जिले की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाबी, ट्रैक्टर की चाबी और निवेश प्रमाण पत्र भी वितरित किए। दिव्यांगजन विभाग द्वारा ट्राईसाइकिल वितरण तथा बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है। आईटीआई संस्थानों को स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण महुआडीह थाना भवन, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय भवन, राजकीय आईटीआई भवन, कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण कार्य और मॉडर्न वेटेनरी क्लीनिक सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास देवरिया-कसया फोरलेन, देवरिया-हाटा मार्ग चौड़ीकरण, नए सेतु निर्माण, संपर्क मार्ग सुदृढ़ीकरण तथा राजकीय पॉलिटेक्निक भवनों के जीर्णोद्धार सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।