मझगांवा PHC परिसर में बीयर की खाली बोतलें मिलने से हड़कंप, जांच

मझगांवा PHC परिसर में बीयर की खाली बोतलें मिलने से हड़कंप, जांच की मांग तेज देवरिया। जनपद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मझगांवा में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रभारी चिकित्साधिकारी के चेंबर के बगल स्थित एक कमरे में कथित रूप से बीयर की खाली बोतलें मिलने का मामला सामने आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रभारी चिकित्साधिकारी के चेंबर से सटे कमरे में बीयर पीकर खाली बोतलें फेंकी गई हैं। मामले की जानकारी मिलने पर जब मीडिया टीम PHC पहुंची, तब प्रभारी चिकित्साधिकारी अस्पताल में मौजूद नहीं थे। मामले की सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) तक भी पहुंच चुकी है। सीएमओ ने पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थान के परिसर में इस तरह की सामग्री मिलने की घटना ने अस्पताल की व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर स्वास्थ्य विभाग की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।