डांट से क्षुब्ध होकर मुंबई गए किशोर की हादसे में मौत

पिपरौली गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के अमटौरा गांव के 18 वर्षीय किशोर की महाराष्ट्र के पालघर में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। मृतक किशोर अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत की खबर सुनते ही मां सदमे में है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार अमटौरा निवासी रमेश मिश्रा का पुत्र राज मिश्रा 18 वर्ष सहजनवां स्थित मुरारी इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह 11वीं की परीक्षा के दो पेपर छोड़ दिए थे, जिसके चलते उसे स्कूल और घर पर डांट पड़ी थी। इसी बात से आहत होकर उसने पढ़ाई छोड़ने का मन बना लिया और बीते 20 फरवरी को बिना बताए घर से मुंबई के लिए निकल गया। राज ने 23 फरवरी को परिजनों को फोन कर बताया था कि वह मुंबई पहुंच गया है और अब वहां काम करेगा, पढ़ाई नहीं। मंगलवार सुबह 6 बजे राज ने फोन पर अपनी मां से बात की थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, ठीक दो घंटे बाद सुबह 9 बजे मुंबई में रहने वाले उसके मामा का फोन आया कि एक सड़क हादसे में राज की मौत हो गई है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और तीन बहनों का अकेला भाई था। पिता रमेश मिश्रा, जो वर्तमान में मैसूर में मजदूरी करते हैं, खबर सुनते ही सीधे मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। बड़ी बहन खुशी का विवाह हो चुका है, जबकि दो छोटी बहनें अनुराधा कक्षा 8 और अंजलि कक्षा 6 अपने भाई के जाने से बदहवास हैं। इकलौते बेटे को खोने के गम में मां बार-बार बेहोश हो रही है। गांव के लोगों का कहना है कि एक छोटी सी नाराजगी ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।