पागल भाई को बचाने पहुंचे युवक से मारपीट, पांच पर आरोप। मदरिया

पागल भाई को बचाने पहुंचे युवक से मारपीट, पांच पर आरोप। मदरिया । गोला थाना क्षेत्र के नसिरपुर गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के साथ मारपीट का विरोध करना उसके भाई को महंगा पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने युवक की लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पिटाई कर दी तथा जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नसिरपुर निवासी गोरख यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 26 जून की रात करीब आठ बजे गांव के विजय यादव, राजमन यादव, शेषनाथ यादव, रोहित उर्फ विश्वजीत यादव तथा राजू उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ भाई जोगिन्द्र की पिटाई कर रहे थे। जब वह अपने भाई को बचाने पहुंचा और इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ भी लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने थाना गोला में तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।