बेलघाट के होनहार ऋषिकेश शर्मा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, SSC CGL

बेलघाट के होनहार ऋषिकेश शर्मा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, SSC CGL 2025 में शानदार सफलता बेलघाट, गोरखपुर। बेलघाट क्षेत्र के लिए गर्व और उल्लास का अवसर सामने आया है। ग्राम ब्रह्मदेवा (खरहदवा) निवासी श्री बजरंगी शर्मा के प्रतिभाशाली पुत्र ऋषिकेश शर्मा ने SSC CGL 2025 की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए आयकर विभाग में असिस्टेंट टैक्स ऑफिसर (सुपरिंटेंडेंट) पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों में उत्साह का माहौल है। ऋषिकेश की इस सफलता को क्षेत्रवासी उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगन का परिणाम मान रहे हैं। समाजसेवी अरुण कुमार दूबे ने बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। अपनी सफलता पर ऋषिकेश शर्मा ने विनम्रता के साथ इसका श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा, “यदि लक्ष्य के प्रति सच्चा जुनून और निरंतर प्रयास हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।” विशेष उल्लेखनीय है कि उनके पिता श्री बजरंगी शर्मा मुंबई में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते रहे हैं। उनकी इस मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि आज उनका पुत्र इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सका। ऋषिकेश की सफलता से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे बेलघाट क्षेत्र में गर्व की भावना व्याप्त है। इस अवसर पर अरुण कुमार दूबे, विजय कुमार चौधरी, सत्य प्रकाश दूबे, डॉ. रोहित चौहान, कौशलानंद तिवारी, विनय कुमार मौर्य, शिवम शाह, अनिल तिवारी सहित सैकड़ों लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्राथमिक शिक्षक संघ बेलघाट के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऋषिकेश अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करते हुए भविष्य में और भी ऊंचाइयों को छुएंगे तथा जनसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएंगे। यह सफलता न केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गई है।