मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, तीन दर्जन गांवों का संपर्क कटा

मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, तीन दर्जन गांवों का संपर्क कटा छोटी-बड़ी नदियां उफान पर, कई रपटे डूबे; खेतों में भरा पानी मौदहा, हमीरपुर। क्षेत्र में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। छोटी-बड़ी नदियां और नाले उफान पर हैं। कई गांवों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि अधिकांश रपटों के ऊपर से पानी बहने के कारण करीब तीन दर्जन गांवों का मौदहा कस्बे से सीधा संपर्क टूट गया है। इससे ग्रामीणों की दिनचर्या गांवों तक ही सीमित होकर रह गई है। विकासखंड के आखिरी छोर पर स्थित हिमौली गांव में सीहो नदी का पानी घुस गया है। करीब एक दर्जन से अधिक घरों में पानी भरने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जुम्मन अपनी टीम के साथ प्रभावित परिवारों का सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। सीहो नाले के आसपास स्थित भवानी, पारा, लदार, चमरखन्ना और रतौली गांवों के रास्ते भी जलभराव के कारण बंद हो गए हैं। वहीं चंद्रावल नदी के किनारे बसे भमौरा, मदारपुर, पढ़ोरी और सिजनौड़ा गांवों में भी पानी बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बड़ेली नाले पर बना रपटा डूब जाने से मौदहा का छिमौली से संपर्क टूट गया है। इसी तरह चंद्रावल नदी का रपटा डूबने से पढ़ोरी, लेवा, पासुन, सिसोलर सहित कई गांवों का कस्बे से सीधा संपर्क प्रभावित हुआ है। चंद्रावल नदी के किनारे बसा गुरदहा गांव भी टापू में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों को कस्बे तक पहुंचने के लिए टिकरी मार्ग से अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। रेलवे द्वारा बनाए गए कई अंडरपास में पानी भर जाने से उनकी स्थिति स्वीमिंग पूल जैसी हो गई है। इससे अरतरा, तिंदुही, करहिया और गुरदहा सहित कई गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लगातार बारिश से किसानों की हजारों बीघा में बोई गई तिल, मूंग, उड़द और सब्जियों की फसल भी प्रभावित हुई है। जगह-जगह रास्ते कटने से आवागमन बाधित है। मौसम विभाग की ओर से लगातार भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि मौदहा बांध सहित आसपास के बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण आने वाले समय में जलस्तर और बढ़ सकता है। हालांकि प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां पूरी होने का दावा किया है और प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।