सड़क पर पड़े सागौन के पेड़ से टकराई कार, तीन महिलाएं घायल

घघसरा/पाली, गोरखपुर। नहर चौराहा के पास सड़क पर कई दिनों से पड़े सागौन के पेड़ से बुधवार को एक कार टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग गोरखपुर रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चल रहे टेंपो को बचाने के प्रयास में कार सड़क पर पड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में लवकुश, सीमा, लवली और कंचन सहित अन्य लोग प्रभावित हुए। घायल महिलाओं के सिर और पैर में चोटें आईं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. राजन यादव ने प्राथमिक उपचार किया। एक महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने के लिए वन विभाग को कई बार सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पेड़ नहीं हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इससे पहले भी इस पेड़ के कारण दो-तीन वाहन हादसे का शिकार होने से बचे या प्रभावित हुए थे। हादसे के बाद लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सड़क पर पड़े पेड़ को तत्काल हटाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की है।