जनता के निर्देश पर राजनीति में आया, अवसर मिला तो चिल्लूपार की तस्वीर बदल दूंगा : दुर्गेश मदन यादव

बड़हलगंज।बडहलगंज चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे समाजसेवी दुर्गेश मदन यादव ने रविवार को बड़हलगंज स्थित एक मैरेज हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपने राजनीतिक इरादों और क्षेत्र के विकास को लेकर प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का उनका उद्देश्य केवल जनसेवा है और जनता की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। कार्यक्रम की शुरुआत बिरहा गायक दीपक यादव ने पत्रकारों के स्वागत के साथ की। उन्होंने कहा कि दुर्गेश मदन यादव जनसंपर्क अभियान के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं को जानकर उन्हें समाधान की दिशा में ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत में दुर्गेश मदन यादव ने कहा कि राजनीति में आने का निर्णय उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता और समर्थकों की इच्छा का परिणाम है। उन्होंने बताया कि देश और विदेश में रहने वाले उनके सहयोगियों तथा स्थानीय लोगों ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें प्रतिनिधित्व का अवसर देती है तो वह क्षेत्र की हर समस्या को विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं, लेकिन उन्होंने आगामी चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि वर्षों से सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने के बावजूद उन्हें किसी राजनीतिक दल का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों में उन्होंने बिना किसी राजनीतिक लाभ की भावना के जरूरतमंद परिवारों की मदद की, लेकिन उस समय अधिकांश राजनीतिक दलों ने सहयोग नहीं किया। दुर्गेश मदन यादव ने कहा कि जनता का समर्थन मिलने पर उनकी प्राथमिकताओं में क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाला विद्यालय स्थापित कराना, गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, किसानों, बेरोजगार युवाओं और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समाधान प्रमुख रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना किसी राजनीतिक पद पर रहे उन्होंने समाजहित में जो कार्य किए हैं, वे कई जनप्रतिनिधि भी नहीं कर सके। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महापुरुषों के नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके विचारों को व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह में बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति की बेटियों का विवाह कराया गया, लेकिन उस समय उनके नाम पर राजनीति करने वाले कई लोग आगे नहीं आए। सरयू नदी के कटान का मुद्दा उठाते हुए दुर्गेश मदन यादव ने कहा कि उरुवा से लेकर बड़हलगंज और चिल्लूपार विधानसभा के अंतिम छोर तक कई गांव वर्षों से कटान की समस्या झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वह सबसे पहले प्रभावित गांवों का दौरा करेंगे और स्थायी समाधान के लिए शासन-प्रशासन के साथ ही विधानसभा में भी प्रभावी ढंग से आवाज उठाएंगे। इस अवसर पर ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख छोटेलाल यादव, संगम उर्फ गुड्डू यादव, नित्या सिंह, समाजसेवी अमरनाथ यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश यादव, हरी लाल, सर्वजीत उर्फ निक्कू सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।