नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ देवरिया, लीलापुर सीएचसी में छत से टपक रहा पानी,

नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ देवरिया, लीलापुर सीएचसी में छत से टपक रहा पानी, दो कर्मचारी मिले मौजूद, एन. ए. रिपोर्ट लीलापुर सीएचसी में छत से टपक रहा पानी, दो कर्मचारी मिले मौजूद बारिश ने खोली स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था की पोल, कमरों में टपकता रहा पानी देवरिया। बैतालपुर ब्लॉक के सीएचसी लीलापुर में शनिवार को नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ की टीम ने जमीनी पड़ताल की तो स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने आई। निरीक्षण के दौरान मौके पर महज दो कर्मचारी विक्रांत द्विवेदी एवं संतू प्रसाद उपस्थित मिले, जबकि अन्य कर्मचारियों के मौके पर मौजूद नहीं होने की बात सामने आई। पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने सीएचसी भवन की हालत भी उजागर कर दी। नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ की टीम ने मौके पर देखा कि भवन की छत से कई कमरों में पानी टपक रहा है। एक्स-रे रूम, डेंटल रूम, इमरजेंसी रूम, औषधि कक्ष और पैथोलॉजी रूम तक बारिश का पानी पहुंच रहा है। इससे जहां कर्मचारियों को काम करने में परेशानी हो रही है, वहीं मरीजों के इलाज और जांच की व्यवस्था भी प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि हम लोगों के द्वारा विभाग को कई बार शिकायत, की जा चुकी है फिर भी कार्रवाई नहीं हो रही है जिसका हम लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि भवन की जर्जर स्थिति और बारिश के दौरान छत से पानी टपकने की समस्या को लेकर सीएमओ कार्यालय में कई बार फोन से शिकायत करने के साथ ही पत्राचार भी किया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। बारिश के दौरान कमरों में पानी टपकने से दवाओं, जांच उपकरणों और जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि स्वास्थ्य केंद्र का भवन ही बारिश में सुरक्षित नहीं है तो मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? दावों और जमीनी हकीकत में अंतर उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही की शिकायतों पर कार्रवाई की बात कहते रहे हैं। लेकिन लीलापुर सीएचसी की तस्वीरें और मौके की स्थिति जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि बारिश में छत से टपकते पानी और जर्जर भवन की इस समस्या पर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कब संज्ञान लेते हैं और मरीजों व कर्मचारियों को इस परेशानी से कब राहत मिलती है। एन. ए. न्यूज़ देवरिया की जमीनी पड़ताल में सामने आई यह तस्वीर स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों की हकीकत खुद बयां कर रही है। देवरिया से नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ की रिपोर्ट।