सीएम योगी पर अमर्यादित बयान देकर फंसीं आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा

सीएम योगी पर अमर्यादित बयान देकर फंसीं आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, युवा अधिवक्ताओं ने दी सड़कों पर उतरने की चेतावनी *गोरखपुर।* गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित जेन-जी महाजुटान कार्यक्रम के दौरान आइसा (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ दिए गए कथित अमर्यादित बयान को लेकर विवाद गरमा गया है। युवा अधिवक्ताओं और हिंदू संगठनों ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि नेहा बोरा पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरेंगे। *क्या है पूरा मामला* आरोप है कि कार्यक्रम के मंच से भाषण देते समय नेहा बोरा ने रोजगार, कानून व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम योगी के लिए गुंडा और दंगाई जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया। *थानों में दी गई तहरीर* भाजपा युवा मोर्चा और विश्व हिंदू महासंघ की ओर से गोरखपुर के पीपीगंज और कैंट थाने में नेहा बोरा के खिलाफ धार्मिक-सामाजिक भावनाएं भड़काने और सीएम के प्रति अशोभनीय टिप्पणी करने के आरोप में लिखित शिकायत दी गई है। *अधिवक्ताओं का आक्रोश* युवा अधिवक्ताओं का कहना है कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बाद में हैं, पहले वे गोरक्षपीठ के महंत हैं और सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनका अपमान सहन नहीं किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने पुलिस से जल्द एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।