बांसगांव संदेश बरहज निर्माणाधीन आईटीआई बंजरिया का कार्य समय से पूर्ण न
बांसगांव संदेश बरहज निर्माणाधीन आईटीआई बंजरिया का कार्य समय से पूर्ण न होने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज देवरिया, 16 सितंबर। निर्माणाधीन आईटीआई बंजरिया, पथरदेवा के निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण न कराए जाने एवं कार्य की प्रगति अपेक्षित गति से न होने को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा कार्यदायी संस्था वक्फ विकास निगम लिमिटेड के संबंधित अधिशासी अभियंता (EXEN), सहायक अभियंता (AE), अवर अभियंता (JE) तथा संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध थाना तरकुलवा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आईटीआई बंजरिया परियोजना के निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा 31.07.2026 तक पूर्ण कराया जाना था। कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी स्तर से समय-समय पर आयोजित मासिक समीक्षा बैठकों तथा पत्राचार के माध्यम से संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने एवं परियोजना को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त अधिकारियों द्वारा परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बावजूद इसके परियोजना का कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण नहीं हो सका। वर्ष 2020 में स्वीकृत इस परियोजना की समयसीमा पूर्व में भी बढ़ाई जा चुकी थी, किंतु बढ़ाई गई समयसीमा में भी कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार द्वारा कार्य पूर्ण करने के लिए अपेक्षित रुचि नहीं ली गई। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य द्वारा थाना तरकुलवा में तहरीर प्रस्तुत की गई। इसके आधार पर संबंधित EXEN, AE, JE एवं ठेकेदार के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।