कार सवार युवकों पर ओवरटेक कर फायरिंग करने का आरोप, गगहा गोरखपुर

कार सवार युवकों पर ओवरटेक कर फायरिंग करने का आरोप, गगहा गोरखपुर बांसगांव संदेश।गगहा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्र के रहने वाले डा गौरीशंकर ने थाना गगहा में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कुछ कार सवार युवकों ने उनकी कार को रोकने का प्रयास किया और असफल होने पर उन पर फायरिंग कर दी। संयोगवश गोली उन्हें नहीं लगी और उनकी जान बच गई। पीड़ित गौरीशंकर के अनुसार, वह 15 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे अपनी कार से घर जा रहे थे। आरोप है कि पीछे से आ रही एक वैगनार कार में सवार युवकों ने टिकरी मोड़ के आगे उनकी कार को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। उन्होंने खतरे की आशंका भांपते हुए अपनी कार की रफ्तार बढ़ा दी और घर की ओर निकल गए। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान वैगनार सवार युवकों ने उनकी ओर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि दोनों गोलियां उन्हें नहीं लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 को सूचना दी और थाना गगहा पहुंचकर लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। गौरीशंकर ने पुलिस से आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी गगहा राजकुमार सरोज ने कहा तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है जांच में अभी फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हो रही है।