बसंत पंचमी पर झलोखर गांव में कलश यात्रा के साथ विष्णु महायज्ञ व श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

कुरारा, हमीरपुर। कुरारा विकास खंड क्षेत्र के झलोखर गांव में बसंत पंचमी एवं गांव के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर ग्रामीणों के सहयोग से विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा महापुराण का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ पहले दिन भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें पूरे गांव का माहौल भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न देव स्थलों में पूजा-अर्चना करती हुई मां भुइंयारानी मंदिर स्थित तालाब पहुंची, जहां विधिवत जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर आकर कलश स्थापना के साथ यात्रा का समापन किया गया। यात्रा में महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखे मंगल गीत गाए, जबकि ढोल-नगाड़ों की गूंज से गांव की गलियां भक्तिरस से सराबोर हो गईं। यज्ञाचार्य बृजेश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन कुंड में अग्नि प्रज्ज्वलित कर विष्णु महायज्ञ की विधिवत शुरुआत कराई। यज्ञ के यजमान जयकला एवं शिरोमणि गर्ग रहे, जबकि श्रीमद्भागवत कथा के यजमान दीपिका एवं राजकुमार भारद्वाज हैं। कथा वाचन के लिए अयोध्या से पधारे कथा व्यास शिवम जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण शुभारंभ किया, जिसे सुनने के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ी। आयोजन की पूर्णाहुति 29 जनवरी को संपन्न होगी, जबकि समापन अवसर पर 31 जनवरी को मंदिर दरवाजा परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।