मोदी सरकार के 12 वर्ष: गाजीपुर में विकास, सुशासन और जनकल्याण की

मोदी सरकार के 12 वर्ष: गाजीपुर में विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई तस्वीर प्रभारी मंत्री ने प्रेसवार्ता में गिनाईं उपलब्धियां, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से मेडिकल कॉलेज तक कई परियोजनाओं का किया उल्लेख गाजीपुर, 13 जून। केंद्र सरकार के सफल, संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को रायफल क्लब सभागार स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश, प्रदेश एवं जनपद गाजीपुर में हुए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया।प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की नीति पर कार्य करते हुए किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।उन्होंने बताया कि 23,349 करोड़ रुपये की लागत से गाजीपुर से लखनऊ तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण पूर्ण हुआ, जबकि 3,647 करोड़ रुपये की लागत से वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग तैयार कर जनपद के 51 गांवों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराया गया। मुहम्मदाबाद क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर हेतु 180 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है।जल जीवन मिशन के तहत 2,756 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2,196 राजस्व गांवों में पेयजल परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें 818 गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है। मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में 227 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं सीवरेज योजना, सिंचाई परियोजनाओं, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों, आईटीआई कॉलेजों, पर्यटन विकास योजनाओं तथा मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय सहित अनेक परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण अथवा प्रगतिशील है।प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था के क्षेत्र में भी गाजीपुर पुलिस की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2017 से अब तक एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत व्यापक कार्रवाई की गई है। करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों की बरामदगी, अपराधियों की गिरफ्तारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत अरबों रुपये की संपत्तियों की जब्ती की गई है। प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में अपराधियों को न्यायालय से सजा भी दिलाई गई है।उन्होंने बताया कि पुलिस आधुनिकीकरण के तहत नवसृजित थाना रामपुर मांझा, साइबर थाना भवन, पुलिस चौकियों, अग्निशमन केंद्रों तथा पुलिस लाइन में आधुनिक बैरक और अन्य सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है। पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए क्रेच, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट ग्राउंड और पुलिस कैफे जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, निषाद पार्टी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बिंद, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चंद्रशेखर प्रसाद, सूचना अधिकारी राकेश कुमार एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।