वित्तीय समावेशन अभियान के तहत चक कपिल और बीकापुर में लगी जागरूकता चौपाल

वित्तीय समावेशन अभियान के तहत चक कपिल और बीकापुर में लगी जागरूकता चौपाल ग्रामीणों को बचत की आदत विकसित करने और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने के लिए किया गया प्रेरित, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी गाजीपुर 18 नवंबर 2026। वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत बिरनो ब्लॉक के चक कपिल एवं बीकापुर गांव में जन जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। अग्रणी बैंक यूनियन बैंक एवं आरोह फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, बचत के महत्व तथा विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर ने कहा कि देश की आर्थिक तरक्की में वित्तीय साक्षरता की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आय के अनुसार छोटी-छोटी बचत करने की आदत विकसित करनी चाहिए। नियमित बचत से भविष्य की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार ने वित्तीय समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। बैंकिंग सुविधाओं से जुड़कर ग्रामीण सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के साथ ही अपनी आर्थिक गतिविधियों को बेहतर बना सकते हैं।वहीं रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से जिला अग्रणी अधिकारी श्रवण कुमार ने वित्तीय जागरूकता पर जोर देते हुए ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। आरोह फाउंडेशन के डीसी रितेश सिंह ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए आर्थिक सुरक्षा, नियमित बचत और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का संदेश दिया गया।