सेवा शिविर में योजनाओ की जानकारी के साथ दिव्यांगों को बांटी ट्राईसाइकिल

सहजनवा, गोरखपुर। विकासखंड सहजनवा परिसर में शुक्रवार को आयोजित सेवा शिविर में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में खंड विकास अधिकारी सत्य कम तोमर के निर्देशन में ब्लॉक के अधिकारी एवं कर्मचारी जुटे रहे। मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यक्रम के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की। शिविर में समूह सखी, कृषि, ग्राम विकास, खाद्य एवं रसद तथा समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अपने संबोधन में जल शक्ति मंत्री ने शिक्षा, पेयजल, वृद्धावस्था पेंशन, आशा कार्यकर्ताओं, किसानों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम में सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला ने जल शक्ति मंत्री का अभिवादन किया, जबकि संचालन डॉ. आरडी सिंह ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कवलदीप नारायण, पूर्व विधायक देवनारायण उर्फ जीयम सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विकास सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष बंशीधर यादव, गुड्डू उपाध्याय, सत्य प्रकाश कनौजिया, उमाशंकर, विजय कुमार त्रिपुरारी, उमेश यादव समेत जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।