Bansgaon Sandesh
Login
Devendra Pathak, Bhaluani - Deoria
Deoriaलगभग २ घंटे पहले

डीएम ने भलुअनी पीएचसी व थाने का किया औचक निरीक्षणः

भलुअनी।बांसगांव संदेश। देवरिया के भलुअनी में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार देर रात करीब 11 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और पुलिस थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां पाई गईं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले। जिलाधिकारी ने वार्ड, दवा वितरण कक्ष और अभिलेखों की बारीकी से जांच की। इस दौरान एक रजिस्टर फटा हुआ पाया गया और उसे ठीक से मेंटेन भी नहीं किया गया था। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा। प्रसव कक्ष की व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं पाई गईं, जिसके लिए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। डीएम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से चिकित्सा प्रभारी (एमओआईसी) के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि एमओआईसी कहां रहते हैं और उनका नाम क्या है, लेकिन कर्मचारी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर जिलाधिकारी ने कर्मचारियों को फटकार लगाई।जिलाधिकारी ने अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं, ड्यूटी रोस्टर और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर इलाज तथा अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रसव वार्ड के बाहर एक परिवार से भी बातचीत की। परिवार के मुखिया ने बताया कि उनकी बेटी का जन्म हुआ है। डीएम ने परिवार को बधाई दी और नवजात के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जब उन्होंने परिवार में बच्चों की संख्या पूछी तो मुखिया ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। इस पर जिलाधिकारी ने बेटियों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए परिवार को प्रेरित किया। देर रात तक चले इस निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग में सामने आई खामियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

0 likes
0 comments0 shares