विद्यार्थियों ने ध्यान शिविर के माध्यम से सीखा तनावमुक्त रहने का गुर

चौरी चौरा गोरखपुर। कबूतरी देवी राजेश्वर त्रिपाठी स्मारक पीजी कॉलेज में मंगलवार को 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने ध्यान का अभ्यास कर तनावमुक्त जीवन का संदेश लिया। आर्ट ऑफ लिविंग के वालंटियर एवं परमात्मा सेवा कल्याण ट्रस्ट के संस्थापक मनीष वर्मा ने विद्यार्थियों को ध्यान कराया और इसके महत्व के बारे में जानकारी दी। मनीष वर्मा ने कहा कि ध्यान मन को शांत करने के साथ जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम है। नियमित ध्यान से तनाव कम करने और एकाग्रता बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति के लिए ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि आर्ट ऑफ लिविंग के श्री श्री रविशंकर का संकल्प दुनिया को तनावमुक्त और हिंसामुक्त समाज बनाना है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों को ध्यान और योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मनीष ने बताया कि आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षक राधे त्रिपाठी एवं अमिता त्रिपाठी की ओर से एक से चार अक्टूबर तक कॉलेज परिसर में ध्यान एवं योग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विद्यार्थियों को ध्यान और योग के अभ्यास के साथ मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संजय पांडेय, डॉ. रुचि दहिया, डॉ. रूपम, डॉ. राजकुमार और रीना यादव ने मनीष वर्मा को बधाई दी और ध्यान एवं योग को विद्यार्थियों से जोड़ने की इस पहल की सराहना की।