अपराध पर अंकुश को लेकर पुलिस ने बुलाई बैठक, संदिग्ध सोशल मीडिया

अपराध पर अंकुश को लेकर पुलिस ने बुलाई बैठक, संदिग्ध सोशल मीडिया ग्रुपों की जानकारी देने की अपील सीओ भुड़कुड़ा व प्रभारी निरीक्षक ने सामाजिक, राजनीतिक व व्यापारिक वर्ग के लोगों के साथ की चर्चा, तीन सवारी वाहनों पर सख्ती के संकेत भुड़कुड़ा (गाजीपुर), संवाददाता। गाजीपुर जनपद के जखनियां तहसील अंतर्गत कोतवाली भुड़कुड़ा परिसर में सोमवार को क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा शुभम वर्मा तथा प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांण्डेय ने की।बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, चिकित्सकों, पेट्रोल पंप संचालकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने उपस्थित लोगों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप और फेसबुक पर कुछ ऐसे समूह सक्रिय हैं जो समाज में भ्रामक सूचनाएं फैलाने तथा आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे चिन्हित एवं अचिन्हित ग्रुपों की जानकारी यदि किसी के संज्ञान में आती है तो तत्काल पुलिस प्रशासन को अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिससे समाज में भयमुक्त वातावरण कायम रह सके।प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडे ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से तीन सवारी लेकर चलने वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान करने के साथ आवश्यक होने पर उन्हें सीज भी किया जाएगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अमन, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। बैठक में मौजूद लोगों ने भी अपराध नियंत्रण एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।बैठक में प्रमुख रूप से अलीपुर मदरा के प्रधान प्रतिनिधि सर्वानंद सिंह 'झुन्ना', पेट्रोल पंप संचालक आमिर अली, डॉ. राजेश यादव, प्रधान अजीत सिंह, वरिष्ठ व्यापारी नेता अशोक गुप्ता, प्रधान वीरेंद्र यादव, प्रधान सुभाष यादव, प्रधान विजय भारत, अनुज सिंह, राकेश तिवारी, सत्यम चौबे, डॉ. बी.के. यादव, प्रधान संजय यादव, हरेंद्र यादव सहित कोतवाली भुड़कुड़ा का पुलिस स्टाफ एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।