डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और कार्यों की

डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और कार्यों की प्रगति की ली जानकारी देवरिया, 24 सितंबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला पूर्ति कार्यालय, फौजदारी अभिलेखागार, राजस्व अभिलेखागार, चकबंदी कार्यालय, संयुक्त कार्यालय, आपात सहायता कार्यालय, नजारत सदर सहित अन्य कार्यालयों/पटलो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कार्यालयों में संचालित कार्यों, पत्रावलियों तथा अभिलेखों के रख-रखाव की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा फाइलों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों की समय से कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने पटल से संबंधित कार्यों का समयबद्ध ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब न हो और प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार का अवकाश मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवकाश के लिए निर्धारित प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए तथा बिना पूर्व स्वीकृति के अवकाश पर न रहें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा कार्यालय में आने वाले फरियादियों के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं के निस्तारण की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान एएसडीएम अखिलेश कुमार यादव, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।