ओवरटेक कर कार रुकवाकर चालक को पीटा, सिर समेत शरीर में गंभीर

ओवरटेक कर कार रुकवाकर चालक को पीटा, सिर समेत शरीर में गंभीर चोटें चार साथियों के साथ पहुंचे आरोपितों पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा जखनियां। गाजीपुर। बांस गांव संदेश। तहसील जखनियां क्षेत्र में मंगलवार की सुबह ओवरटेक कर कार रुकवाने के बाद चालक को वाहन से खींचकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में चालक के सिर समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकीय परीक्षण के लिए गाजीपुर भेजा गया है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त होने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सोफीपुर, पोस्ट जखनियां निवासी प्रमोद कुमार एवं पप्पू पुत्र सुब्बा राम मंगलवार को जखनियां क्षेत्र के गौरा खास स्थित ओम जी महाविद्यालय गए थे। बताया गया कि प्रमोद विद्यालय के प्रबंधक को विद्यालय में छोड़कर चार पहिया वाहन से वापस जखनियां की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान करीब सुबह 9:45 बजे एसपी मॉडर्न स्कूल के पास एक दोपहिया वाहन से पहुंचे गोनू उर्फ शिवा मौर्या पुत्र रामभरोस मौर्या निवासी अलीपुर मदरा ने कथित रूप से चार अन्य साथियों के साथ वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया।आरोप है कि वाहन रुकवाने के बाद आरोपितों ने प्रमोद कुमार को गाड़ी से बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में प्रमोद कुमार के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष द्वारा मामले की सूचना थाना भुड़कुड़ा पुलिस को दी गई।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है तथा उसे सीएचसी जखनियां से गाजीपुर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी सहित आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।पुलिस द्वारा घटना के कारणों तथा मारपीट में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।