सुलतानपुर।चैत्र नवरात्रि के दृष्टिगत मिशन शक्ति फेज-5 द्वितीय चरण के अंतर्गत बुधवार
सुलतानपुर।चैत्र नवरात्रि के दृष्टिगत मिशन शक्ति फेज-5 द्वितीय चरण के अंतर्गत बुधवार को महिला सशक्तिकरण हेतु जनपद में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों की संयुक्त विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम ने पुलिस कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों जैसे लिंगानुपात, बाल विवाह, स्कूल ड्रॉप आउट, लैंगिक शोषण, संस्थागत प्रसव, साक्षरता दर तथा महिलाओं और बच्चों के प्रति होने वाली हिंसा के प्रति समाज को जागरूक करना है। रैली में महिला पुलिसकर्मियों, चिकित्सा विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह, यातायात प्रभारी एवं मिशन शक्ति प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना कटका क्षेत्र के ग्राम अजमलपुर में जन चौपाल आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 1076, 102, 181 तथा 1930 की जानकारी दी गई। पोस्टर, बैनर और पंपलेट वितरित कर महिलाओं को जागरूक करते हुए आपात स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।