बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में अनियमितताओं के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग ।

बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में अनियमितताओं के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग डाला/सोनभद्र। बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में कथित अनियमितताओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता निर्भय चौधरी ने जिला प्रशासन और खान विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कई शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध खनन को बढ़ावा मिल रहा है। चौधरी का आरोप है कि कुछ खनन पट्टों पर डीजीएमएस के निर्देशों की अनदेखी करते हुए नियमों के विपरीत खनन, भारी मशीनों और अत्यधिक विस्फोटकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने श्रीराम एसोसिएट्स के पट्टे का निरीक्षण करने का दावा करते हुए कहा कि डीजीएमएस द्वारा धारा 22 के तहत दिए गए सुधारात्मक निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने भारी ब्लास्टिंग से आसपास के मकानों में दरारें आने, स्थानीय मजदूरों को रोजगार नहीं मिलने, बिना उचित बेंचिंग के ऊंची पहाड़ियों से दुर्घटना का खतरा बढ़ने तथा भारी क्षमता वाले लिफ्टरों से भूजल दोहन के भी आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने कई खदानों में भूगर्भ जल प्रबंधन की एनओसी नहीं होने का दावा किया। चौधरी ने खान निरीक्षक अतुल दुबे पर उनकी शिकायतों में बिना मौके पर जांच किए रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र में कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।