जखनिया में पंच कुंडीय श्री गौरी रूद्र शंकर महापरायण का शुभारंभ, भव्य

जखनिया में पंच कुंडीय श्री गौरी रूद्र शंकर महापरायण का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा से गुंजा जखनियां बाजार जखनियां, गाजीपुर। “कवन सो काज कठिन जग माहीं, जो नहीं होइ तात तुम पाहीं” की मंगलमयी चौपाई एवं “श्रीमते रामानन्दाचार्यः नमः” के जयघोष के साथ जखनियां स्थित शिव मंदिर परिसर में बुधवार से पंचकुंडीय श्री गौरी रुद्रशंकर महापरायण एवं धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में हो गया। यह धार्मिक आयोजन 20 मई 2026 से 28 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन कथा, प्रवचन, रुद्राभिषेक, पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।महापरायण के प्रथम दिन जखनियां बाजार में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं एवं युवतियों की लंबी कतारें, गाजे-बाजे, शंख-घंटों की ध्वनि तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा बाजार गुंजायमान हो उठा। यात्रा शिव मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर जखनियां बाजार के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न हुआ।इस भव्य धार्मिक आयोजन में मुख्य अजमान की भूमिका निभा रहे समाजसेवी सोनू जायसवाल अपनी धर्मपत्नी के साथ पूरे श्रद्धाभाव से कलश यात्रा में शामिल हुए। समिति के लोगों द्वारा यह धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका की लोगों ने सराहना की। आयोजन की व्यवस्थाओं से लेकर श्रद्धालुओं के स्वागत एवं धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन तक में समिति के लोगों की विशेष सहभागिता देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने कहा कि आयोजकों द्वारा यह धार्मिक एवं सामाजिक कार्य सदैव बढ़-चढ़कर किया जाता रहा है, जिसके कारण क्षेत्र मे काफी चर्चा है।आयोजन में श्रद्धेय श्रीश्री 1008 श्री स्वामी खद्देश्वरी रामचन्द्र दास जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हो रहा है। वहीं श्री स्वामी खडेश्वरी रामचन्द्र महाराज जी के कृपापात्र श्रीश्री 108 श्री जगदीश वाल जी महाराज भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा श्रीश्री 108 श्री महंथ रामायणी हनुमान दास जी “मानस राजहंस” एवं उनकी कृपापात्र शिष्या मुश्री समीक्षा शास्त्री जी श्रद्धालुओं को कथा एवं प्रवचन के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश प्रदान करेंगी।कलश यात्रा एवं धार्मिक आयोजन में प्रमुख रूप से राकेश सिंह, इंद्रजीत सिंह उर्फ अंटू, आलोक पांडे उर्फ भैया जी, डॉ. दीपक सिंह, पिंकू पांडे, अनीश सिंह, रजनीकांत सिंह उर्फ विक्की सिंह, संतोष सिंह, मुन्ना, अशोक गुप्ता, प्रधान नंदलाल गुप्ता उर्फ नंदू भैया, राजू वर्मा, अरविंद वर्मा, विजय वर्मा, मनोज वर्मा, रमेश पांडे, पिंटू पांडे, सर्वानंद चौबे, भरत यादव, सहित जखनियां बाजार एवं आसपास क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। जखनियां क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर भारी उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।