भलुअनी स्थित प्राथमिक विद्यालय शिवधरिया की स्थिति नाजुक

भलुअनी।बांसगांव सन्देश। देवरिया जिले के भलुअनी स्थित प्राथमिक विद्यालय शिवधरिया में प्रधानाध्यापक की कुर्सी खाली मिली और बच्चे पूरी तरह नदारद थे। परिसर में केवल एक शिक्षामित्र मौजूद थीं। विद्यालय में कोई भी छात्र उपस्थित नहीं था। शिक्षामित्र सुमन सिंह ने बताया कि विद्यालय में कुल 39 बच्चे नामांकित हैं, लेकिन एक भी छात्र नहीं आया था। प्रधानाध्यापक के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि वे सुबह आई थीं, लेकिन इस समय कहीं गई हुई हैं। यह वही ऐतिहासिक विद्यालय है जिसमें किसी समय 1200 से अधिक छात्र पढ़ते थे। वर्तमान में यह विद्यालय अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है, जबकि सरकार प्राथमिक शिक्षा पर भारी खर्च कर रही है और कायाकल्प योजना के तहत मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सरकार के नियमानुसार, 50 से कम बच्चों वाले विद्यालयों को नजदीकी विद्यालय में समायोजित करने का प्रावधान है, लेकिन यह विद्यालय इस नियम से भी बचा हुआ है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी सत्यप्रकाश कुशवाहा से संपर्क करने पर उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही।