सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों को मिला सहयोग का संबल कृषि मंत्री

सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों को मिला सहयोग का संबल कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने वितरित किए सहायक उपकरण, लाभार्थियों को दिए प्रशस्ति पत्र देवरिया, 2 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विकास भवन परिसर में दिव्यांगजनों के सहयोग एवं सशक्तीकरण के लिए सहायक उपकरण एवं प्रशस्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान 11 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, चार को ट्राईसाइकिल तथा छह दिव्यांगजनों को कान की मशीन प्रदान की गई। इसके साथ ही 21 लाभार्थियों को कॉक्लियर इंप्लांट के प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सहायक उपकरण मिलने से लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों तथा ओ-लेवल प्रशिक्षण से लाभान्वित अभ्यर्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से उनकी दैनिक गतिविधियों में सुविधा के साथ आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में राजेश कुमार सिंह,मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक , जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।