बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि : क्षमता से अधिक बच्चों को वहां में बैठने पर होगी सख्त कार्रवाई

*स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि : क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में बैठाने पर होगी सख्त कार्रवाई* जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षित एवं संरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनभद्र *श्री अभिषेक वर्मा* द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालयों में बच्चों के आवागमन हेतु संचालित ऑटो, टोटो, वैन, बस एवं अन्य वाहनों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किए जाने पर संबंधित वाहन चालक एवं संचालक के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक एवं यातायात संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर *श्री रणधीर मिश्रा* द्वारा अपने क्षेत्रान्तर्गत संचालित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो, टोटो, वैन एवं बसों की जांच की गई तथा वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाया जाए तथा यातायात नियमों का पूर्णतः पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालय द्वारा संचालित अथवा अनुबंधित सभी वाहनों का समय-समय पर सत्यापन कराया जाए। प्रत्येक वाहन में निर्धारित क्षमता, फिटनेस, वैध परमिट, बीमा, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वाहन संचालकों को नियमित रूप से सुरक्षा मानकों का पालन कराने हेतु निर्देशित किया जाए। *सोनभद्र पुलिस जनपद के समस्त विद्यालयों एवं स्कूली वाहनों का नियमित निरीक्षण कर रही है। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।*