गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नए प्राचार्य बने ENT विशेषज्ञ डॉ धर्मेंद्र

गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नए प्राचार्य बने ENT विशेषज्ञ डॉ धर्मेंद्र !! बीआरडी में हुआ बड़ा फेरबदल: भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद प्राचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल हटाए गए, डॉ. धर्मेंद्र कुमार बने नए प्राचार्य गोरखपुर: गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शासन ने कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल को उनके पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई कॉलेज में चल रहे भ्रष्टाचार के आरोपों और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के बाद की गई है। उनकी जगह पर आगरा मेडिकल कॉलेज के नाक-कान-गला (ENT) रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार को नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है। लोक सेवा आयोग द्वारा की गई यह नियुक्ति बुधवार को प्रभावी हुई। डॉ. रामकुमार जायसवाल को मार्च 2024 में कॉलेज का कार्यवाहक प्राचार्य नियुक्त किया गया था, जो मूल रूप से नेत्र रोग विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। उन पर कार्यकाल के दौरान कई गंभीर आरोप लगे, जिसकी सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच गई थी। प्राचार्य पर स्वयं प्राइवेट प्रैक्टिस करने और वित्तीय नियमों का उल्लंघन करने के आरोप हैं। इस मामले में लोकायुक्त ने संज्ञान लेते हुए कमिश्नर को जांच के निर्देश दिए थे। लोकायुक्त के निर्देश पर कमिश्नर द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है जो इन आरोपों की जांच कर रही है। हाल ही में कॉलेज के ऑडिटोरियम में कुर्सियां लगवाने में भ्रष्टाचार की शिकायत मिली, जिसकी जांच के लिए भी एक अलग समिति का गठन किया गया है। कॉलेज में सर्जिकल उपकरणों की खरीद में हुई कथित धांधली को लेकर शासन ने रिपोर्ट तलब की है। सूत्रों के अनुसार, भ्रष्टाचार की लगातार बढ़ती शिकायतों और मुख्यमंत्री कार्यालय तक बात पहुँचने के बाद शासन और हाईकमान ने यह सख्त कदम उठाया है। डॉ. धर्मेंद्र कुमार का प्रशासनिक अनुभव काफी समृद्ध रहा है। वे मूल रूप से अयोध्या के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी एमबीबीएस तथा पीजी की शिक्षा लखनऊ के केजीएमयू (KGMU) से पूरी की है। वे पिछले 24 वर्षों से आगरा मेडिकल कॉलेज में ENT विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। वे 2021 से 2023 तक राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं और 2024 में एएसएमसी औरैया मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य पद पर सेवाएं दे चुके हैं। डॉ धर्मेंद्र वर्ष 2023-2024 के दौरान उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित ENT संस्था 'यूपीएओआई' (UPOAI) के अध्यक्ष भी रहे हैं। पदभार संभालने के बाद डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं का क्रियान्वयन ही उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई, शोध (रिसर्च) और इलाज इन तीनों क्षेत्रों पर समान रूप से काम किया जाएगा। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संसाधनों को बढ़ाने और छात्रों के लिए शिक्षा व रिसर्च की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का संकल्प लिया है।