सिकरीगंज में गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, सुबह 4 बजे से

सिकरीगंज में गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान, सुबह 4 बजे से लग रही लंबी लाइन सिकरीगंज क्षेत्र स्थित नंदनी ग्रामीण इंडियन वितरक एजेंसी पर रसोई गैस की भारी किल्लत से उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग सुबह लगभग 4 बजे से ही एजेंसी के बाहर लंबी कतार लगाकर इंतजार करने को मजबूर हैं। बताया जा रहा है कि गैस की आपूर्ति कम होने के कारण उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता सड़क किनारे बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इस लंबी कतार में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एजेंसी के बाहर सड़क पर इतनी भीड़ होने से कभी भी किसी प्रकार की दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद गैस न मिलने के कारण लोग मजबूरी में लाइन में खड़े रहने को विवश हैं। उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव, खासकर ईरान और इजरायल के बीच चल रही जंग की स्थिति को लेकर भी रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि कई वर्ष पहले भी ऐसी ही स्थिति में गैस के लिए लंबी-लंबी कतारें लगानी पड़ती थीं और अब फिर से वैसा ही माहौल बनता दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति समय पर और पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि समय से गैस उपलब्ध हो जाए तो लोगों को सुबह से लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा